विधानसभा में नई व्यवस्था, पहली बार के 82 विधायकों को मिला सवालों का दिन
भोपाल
विधानसभा में आज पहली बार के विधायकों को प्रश्नोत्तर काल में सवाल करने का मौका दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष की इस नई व्यवस्था के बीच सवाल जवाब के दौरान विधायक मेवाराम जाटव ने खाद्य मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर अपना विरोध जताया। जाटव ने कहा कि मंत्री किसानों के भुगतान को लेकर सही जानकारी नहीं दे रहे, इसलिए वे अध्यक्ष की आसंदी के समक्ष धरना पर बैठेंगे। इसके बाद जाटव आसंदी के समीप जाकर बैठ गए। इसके बाद विधायक डॉ गोविन्द सिंह ने समझाईश देकर जाटव को वहां से उठाया।
प्रश्नोत्तर काल में जाटव ने मुरैना और भिंड जिले में बाजरा, मक्का की उपज सहकारी समितियों को समर्थन मूल्य पर बेचने का मामला उठाया और कहा कि सवाल आने के बाद भुगतान हो गया है, यह अच्छी बात है। जाटव ने मंत्री से कहा कि सरसों, गेहूं, चना के मामले में छह माह से पेमेंट नहीं हुआ है। इसका भुगतान कब होगा? मंत्री बिसाहूलाल ने कहा कि जल्द करा देंगे लेकिन विधायक संतुष्ट नहीं हुए और अपना विरोध जताते हुए आसंदी के सामने जाकर बैठ गए। प्रश्नकाल के दौरान ही विधायक महेश परमार ने ग्रेसिम कम्पनी में दो हजार कर्मचारियों में से 1200 को हटाने का मामला उठाया और कहा कि अधिकारी कम्पनी के साथ मिले हैं। इस पर श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि 20 कर्मचारियों ने शिकायत की थी जिन्हें वापस लिया गया है। ठेका श्रमिकों के मामले में सीधा हस्तक्षेप का अधिकार नहीं है।
परमार ने मंत्री पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि उज्जैन में भी इसी तरह की स्थिति है। ज्यादा लंबी बात चली तो अध्यक्ष ने सदस्य को बैठा दिया। विधायक आलोक चतुर्वेदी ने आपकी सरकार आपके द्वार व्यवस्था के अंतर्गत लोगों की समस्या का निराकरण नहीं होने का मामला उठाया और कहा कि डेढ़ साल से यह पेंडिंग है। इस पर मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि सुकवा, पटरिया पंचायतों में 400 आवेदन आए थे। इसमें से 45 का निराकरण उसी समय कर दिया गया था। बाद में 235 निराकृत हुए। फिर 180 बचे जिसमें से 124 का निराकरण हो गया है। अब 56 बचे हैं जिसे जल्द निराकृत कर दिया जाएगा।
आज प्रश्नकाल के दौरान जिन 25 विधायकों के नाम सवाल पूछने के लिए सिलेक्ट किए गए थे, उनमें महेश परमार, धर्मेंद्र लोधी, डॉ अशोक मर्सकोले, बापूसिंह तंवर, मेवाराम जाटव, आलोक चतुर्वेदी, रामचंद्र दांगी, बाबू जंडेल, अर्जुन काकोड़िया, तरवर सिंह, हीरालाल अलावा, रवि रमेशचंद्र जोशी, सुनील सराफ, विजय रेवनाथ चौरे के नाम शामिल थे। इनके अलावा संजीव सिंह, उमाकांत शर्मा, सुभाष रामचरित्र, विक्रम सिंह, केपी त्रिपाठी, रामबाई, सुरेंद्र नवल सिंह, राकेश गिरी, प्रवीण पाठक, चौधरी सुजीत मेर सिंह, प्रागीलाल जाटव के सवाल भी आज प्रश्नोत्तरी में एक से 25 नम्बर के बीच थे।

पाठको की राय